वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में शुक्रवार देर रात बिरला चौराहे के पास जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा दो छात्रों से की गई मारपीट के विरोध में अन्य छात्र उग्र हो गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और चौराहे पर ईंट-पत्थर चलने लगे।
सूचना मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए छात्र कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। थोड़ी ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
स्थिति नियंत्रित न होते देख प्रॉक्टर ने पुलिस बल को बुला लिया। कुछ ही देर में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। राहत की बात यह रही कि पथराव में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रात 12 बजे मचा हंगामा, छात्रों ने किया विरोध
प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि रात करीब 12 बजे कुछ छात्र सड़क पर खड़े होकर हंगामा कर रहे थे। उन्हें हॉस्टल में लौटने के लिए कहा गया, लेकिन छात्रों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में मामला बढ़ गया और अधिक संख्या में छात्र एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
घटनास्थल पर बिखरे ईंट-पत्थर, CCTV कैमरा भी गायब
दैनिक भास्कर की टीम जब मौके पर पहुंची तो बिरला चौराहे पर जगह-जगह ईंट और पत्थर बिखरे पड़े मिले। बताया जा रहा है कि चौराहे पर लगी CCTV कैमरा भी गायब है। पुलिसकर्मी हेलमेट और प्रोटेक्टर के साथ तैनात थे और छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। वहीं, कुछ दूरी पर चीफ प्रॉक्टर शिव प्रकाश सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद थे और छात्रों की शिकायतें सुन रहे थे।
ACP बोले – स्थिति नियंत्रण में
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि “रात 12 बजे बिरला चौराहे पर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। चीफ प्रॉक्टर से सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। छात्रों को समझाकर शांति स्थापित की गई है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सभी छात्र अपने-अपने हॉस्टल में लौट गए हैं।”
वहीं, चीफ प्रॉक्टर शिव प्रकाश सिंह ने इस घटना पर तत्काल टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि “पूरा मामला जांच के बाद ही विश्वविद्यालय की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।”










