Varanasi : जेई की तैयारी कर रही छात्रा ने हॉस्टल के बाथरूम में की आत्महत्या, रूम पार्टनर ने दी पुलिस को सूचना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवां इलाके में स्थित एक हॉस्टल में उस समय हड़कंप मच गया जब जेई (JEE) की तैयारी कर रही एक छात्रा ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खुशी सिंह (18 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर खुशी की रूम पार्टनर जब बाथरूम जाने के लिए दरवाजा खटखटाने लगी तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो उसने रोशनदान से झांककर देखा, जहां खुशी का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।

घबराई छात्रा ने तुरंत हॉस्टल की वार्डन अंजू सिंह को सूचना दी। इसके बाद वार्डन ने तुरंत भेलूपुर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार और थाना प्रभारी सुधीर त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।

बाद में मृतका के पिता जयप्रकाश सिंह और अन्य परिजन भी हॉस्टल पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया और शव को बाहर निकाला गया।

रूम पार्टनर ने पूछताछ में बताया कि दोनों छात्राएं पूरी रात पढ़ाई कर रही थीं। सुबह करीब 6:30 बजे नाश्ता करने गईं और 6:46 बजे लौटकर सो गईं। दोपहर करीब 2 बजे जब रूम पार्टनर उठी, तो उसने देखा कि बाथरूम अंदर से बंद है। लगभग 10 मिनट के अंतराल में कई बार दरवाजा पीटने के बाद भी कोई जवाब न मिलने पर उसने वार्डन को सूचना दी।

हॉस्टल में कुल 35 कमरे और 72 छात्राएं रहती हैं। खुशी हाल ही में जेई परीक्षा देकर लौटी थी और आगे की तैयारी कर रही थी।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें