वाराणसी। उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन शुक्रवार को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वे लगभग तीन घंटे तक काशी में प्रवास करेंगे। अपने इस अल्प प्रवास के दौरान उप राष्ट्रपति सिगरा स्थित नाटकोट्टम धर्मशाला का लोकार्पण करेंगे, जो पिछले दो दशकों से श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में पूजन सामग्री अर्पित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है।
करेंगे बाबा विश्वनाथ के दर्शन
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, उप राष्ट्रपति राधाकृष्णन शाम करीब 5 बजे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे वे सिगरा स्थित नाटकोट्टम धर्मशाला जाएंगे, जहां लोकार्पण समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के बाद वे श्रीकाशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन और पूजन करेंगे। पूजा-अर्चना के उपरांत वे पुनः एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री योगी करेंगे स्वागत
उप राष्ट्रपति के वाराणसी आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री नोएडा से रवाना होकर शाम लगभग 4 बजे वाराणसी पहुंचेंगे।
योगी आदित्यनाथ लोकार्पण समारोह और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के दौरान उप राष्ट्रपति के साथ मौजूद रहेंगे। उप राष्ट्रपति के प्रस्थान के बाद मुख्यमंत्री भी लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
सुरक्षा चाक-चौबंद, सिगरा बना ‘नो-फ्लाई जोन’
उप राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए वाराणसी पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड में है। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए फोर्स को दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सिगरा स्थित नाटकोट्टम धर्मशाला पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
पुलिस बल ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा का रिहर्सल भी किया, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।










