पटना। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के प्रमुख तेज प्रताप यादव इन दिनों अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। वे इस बार महुआ विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं और कई सीटों पर अपने प्रत्याशी भी उतार चुके हैं। इस बीच उन्होंने अपने छोटे भाई और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को लेकर एक बड़ा बयान दिया है।
तेज प्रताप का बयान
शुक्रवार को पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा, “अगर तेजस्वी यादव महुआ के प्रचार में जाएंगे, तो मैं भी राघोपुर चला जाऊंगा।” उनका यह बयान अब सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, तेज प्रताप शुक्रवार को चुनाव प्रचार के लिए निकलने वाले थे, लेकिन खराब मौसम और बारिश के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते वे वापस लौट आए। इसी दौरान उन्होंने पत्रकारों से कई मुद्दों पर खुलकर बात की।
बिहार की कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना
तेज प्रताप यादव ने मोकामा की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पूरे बिहार की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह चरमरा गया है। प्रशासन को देखना चाहिए कि कौन आरोपी है और उसे जल्द गिरफ्तार करना चाहिए। सरकार को ऐसी घटनाओं पर सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि दोबारा ऐसा न हो।”
रोहिणी आचार्य को लेकर क्या बोले तेज प्रताप?
पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि रोहिणी आचार्य ने कहा है कि वे आपके प्रचार में नहीं जाएंगी क्योंकि अब वे दूसरे दल में हैं, तो तेज प्रताप ने कहा, “वह मेरी बड़ी बहन हैं, इसलिए उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ है। लेकिन वह अब दूसरे दल में हैं, इसलिए चुनावी मंच पर साथ नहीं हो सकतीं।”
महुआ सीट पर रोचक मुकाबला
गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव ने 2015 में महुआ सीट से जीत दर्ज की थी। इस बार उसी सीट से आरजेडी ने मुकेश रोशन को उम्मीदवार बनाया है, जो वर्तमान में भी इस सीट से विधायक हैं। अब देखने वाली बात होगी कि महुआ की जनता इस बार तेज प्रताप यादव पर भरोसा जताती है या आरजेडी प्रत्याशी मुकेश रोशन पर।










