चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब चकिया तिराहा स्थित मानसरोवर तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। शव दिखते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। शुरुआती जांच में शव की पहचान नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुछ घंटों बाद मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, अमित अलीनगर क्षेत्र के बिछड़ी गांव के रहने वाले थे और एवी कंप्यूटर नाम की एक संस्था चलाते थे। मृतक की पत्नी ने बताया कि अमित दो दिन पहले घर से बिना बताए कहीं चले गए थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। शुक्रवार सुबह उनका शव तालाब में मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
अलीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।










