उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और CM योगी ने वाराणसी को दी नाटकोटक्षेत्रम धर्मशाला की सौगात, बोले – भक्ति के साथ विकास…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की शाम बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी पहुंचे। इस दौरान दोनों विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर नाटकोटक्षेत्रम धर्मशाला का भव्य उद्घाटन किया। धर्मशाला के लोकार्पण के साथ ही पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा।

काशी का रूप अब बदल चुका है– उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी इस अवसर पर अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “आज से 25 वर्ष पहले जब मैं पहली बार काशी आया था, तब का दृश्य और आज की काशी में जमीन-आसमान का फर्क है। यह बदलाव प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के मजबूत नेतृत्व में संभव हुआ है।”

उन्होंने कहा कि नाटकोटक्षेत्रम धर्मशाला का उद्घाटन करना उनके लिए अत्यंत प्रसन्नता और गर्व का विषय है।

काशी में अब भक्ति के साथ विकास भी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी अब भक्ति के साथ-साथ विकास की नगरी बन चुकी है। उन्होंने कहा, “यहीं गोस्वामी तुलसीदास जी ने रामचरितमानस की रचना कर भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित की थी, और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यही काशी विकास के पथ पर अग्रसर है।”

सीएम योगी ने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। इनमें तमिलनाडु और दक्षिण भारत से आने वाले भक्तों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय है।

उन्होंने कहा कि अब तक 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उपहार काशी को मिला है, जिनमें से 36 हजार करोड़ रुपये की योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। सीएम योगी ने कहा कि कार्तिक मास के इस पावन अवसर पर आयोजित यह समारोह काशी के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव को और बढ़ाने वाला है।

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे दर्शन

उद्घाटन समारोह के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन अपनी पत्नी के साथ श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए जाएंगे। दोनों के आगमन को देखते हुए लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें