तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के चेवेला मंडल के मिर्जागुड़ा गांव के पास सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हैदराबाद–बीजापुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार टिपर लोरी ने सामने से आ रही टैंडूर आरटीसी बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस में कुल 70 यात्री सवार थे। हादसे में 18 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत चेवेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और राहत-बचाव कार्य में पुलिस और स्थानीय लोग जुटे रहे।
चेवेला पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और मृतकों की पहचान की जा रही है।
इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने, राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने मुख्य सचिव (CS) और डीजीपी को निर्देश दिया कि सभी घायलों को जल्द से जल्द हैदराबाद के अस्पतालों में स्थानांतरित किया जाए। साथ ही, उन्होंने संबंधित मंत्रियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने का आदेश दिया है।










