UP Weather : देव दीपावली से पहले फिर बदलेगा यूपी का मौसम, इन जिलों में बारिश के आसार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर आसमान में काले बादल मंडराने के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि देव दीपावली से पहले यानी 4 नवंबर को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पिछले दिनों मोंथा चक्रवात के प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में लगातार बारिश हुई थी। हालांकि अब मौसम सामान्य हो चुका है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 3 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और सभी 75 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है।

लेकिन 4 नवंबर को पश्चिमी यूपी के आठ जिलों- आगरा, झांसी, ललितपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन और औरैया में आसमान में काले बादल छाने और हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, पूर्वी यूपी में मौसम सामान्य रहेगा और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।

यूपी में शुरू हुई पछुआ हवाएं

प्रदेश में अब हवाओं का रुख बदल चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पछुआ हवाएं चलने लगी हैं, जिससे तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 24 घंटों में यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, हालांकि इसके बाद मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

नोएडा से गोरखपुर तक ऐसा रहेगा मौसम

आईएमडी के अनुसार, सोमवार को राजधानी लखनऊ में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसी तरह नोएडा, गाजियाबाद, गोरखपुर, वाराणसी, अमेठी, रायबरेली, मथुरा, मिर्जापुर, अयोध्या, कानपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, आजमगढ़, अलीगढ़, रामपुर और बरेली सहित अन्य जिलों में भी मौसम सामान्य बना रहेगा और फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें