गोरखपुर के सांसद और मशहूर फिल्म अभिनेता रवि किशन ने एक बार फिर अपने शानदार अभिनय और योगदान से बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्हें “दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड 2025” से सम्मानित किया गया है। इस खबर के बाद उनके प्रशंसकों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बाबा गोरखनाथ के आशीर्वाद से मिली सफलता
रवि किशन ने अपनी सफलता का श्रेय बाबा गोरखनाथ के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य को दिया। उन्होंने कहा, बाबा गोरखनाथ के आशीर्वाद से मुझे फिल्म और राजनीति दोनों में सफलता मिली है। जनता की सेवा मेरा संकल्प है और जो कुछ भी उनके हित में कर सकूंगा, वह जरूर करूंगा।”
रवि किशन न केवल भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार हैं, बल्कि हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। फिल्मों के साथ-साथ वे राजनीति में भी सक्रिय हैं और फिलहाल गोरखपुर से दूसरी बार सांसद के रूप में कार्यरत हैं।
33 साल का लंबा सफर और सैकड़ों फिल्में
रवि किशन ने अपने 33 साल के फिल्मी करियर में करीब 200 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उन्होंने भोजपुरी, हिंदी और साउथ की फिल्मों में कई यादगार भूमिकाएँ निभाई हैं।
हिंदी फिल्म “हेराफेरी 2” में उनका विलेन वाला किरदार आज भी लोगों को याद है, जिसमें वे तुतलाकर बोलने वाले डॉन के रूप में नज़र आए थे। इस किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था और इसके लिए उन्हें अवॉर्ड भी मिला था।
हाल ही में रवि किशन को फिल्म “लापता लेडीज” में उनके दमदार अभिनय के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड से नवाजा गया था। अब “दादा साहब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड 2025” की घोषणा उनके लिए एक और बड़ी उपलब्धि साबित हुई है।
बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक के रूप में सक्रिय
इन दिनों रवि किशन बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए के स्टार प्रचारक के रूप में व्यस्त हैं। हालांकि पिछले दो दिनों से वे गोरखपुर में हैं, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।










