वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव का लोगों को पूरे वर्ष इंतजार रहता है। इस बार यह भव्य आयोजन दशाश्वमेध घाट पर हुआ, जो पूर्णत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित रहा। मां गंगा की महाआरती के साथ इस आयोजन में अध्यात्म और राष्ट्रवाद का अद्भुत संगम देखने को मिला। विदेशों से आए पर्यटक भी इस दिव्य नजारे को देखकर मंत्रमुग्ध हो उठे।
21 अर्चक और 42 देवकन्याओं ने की माँ गंगा की महाआरती
देव दीपावली के अवसर पर 21 अर्चकों और 42 देवकन्याओं द्वारा मां गंगा की भव्य महाआरती की गई। इस दौरान गंगा सेवा निधि ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से माँ गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प दिलवाया। संस्था के अध्यक्ष ने कहा कि “एक संकल्प गंगा किनारे” अभियान के तहत हर व्यक्ति को गंगा संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए।

51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूलों से सजा घाट
दशाश्वमेध घाट समेत आसपास के घाटों को 51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूल-मालाओं से सजाया गया। घाट पर 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इसके साथ ही शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए सेना, वायुसेना, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित किए।
शहीद परिवारों को भगीरथ शौर्य सम्मान
कार्यक्रम के दौरान देश के अमरवीर योद्धाओं की शहादत को याद किया गया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के शहीद हेड कॉन्स्टेबल वजीउल्लाह, अमर बलिदानी राम बहादुर सिंह, सीआरपीएफ के अरविंद कुमार यादव, सुनिल कुमार पांडेय, एनडीआरएफ के रितेश कुमार सिंह और इंद्रभूषण सिंह की पत्नियों को “भगीरथ शौर्य सम्मान” के साथ 1-1 लाख रुपये का चेक भेंट किया गया।

भक्ति और संस्कृति की झलकियों से सजा मंच
कार्यक्रम की शुरुआत भजन और राष्ट्रगीत से हुई, जिसे प्रसिद्ध गायिका डॉ. रेवती साकलकर और उनकी टीम ने प्रस्तुत किया। इसके बाद बनारस घराने के प्रख्यात कलाकार माता प्रसाद मिश्रा एवं उनकी टीम ने ‘शिव तांडव’ और माँ गंगा स्तुति की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देश-विदेश से आए अतिथि रहे मौजूद
महोत्सव में गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष श्री सुशांत मिश्र ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान ब्रिगेडियर जयदीप चंदा (39 जीटीसी), एयर कमोडोर कुणाल काला (वायु सेना), सीआईएसएफ कमांडेंट सुचिता सिंह, एनडीआरएफ के द्वितीय कमान अधिकारी संतोष कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर भुनेश्वरी, सीआरपीएफ के कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, बीजेपी के महेश चंद्र श्रीवास्तव, आदित्य बिरला ग्रुप से जयश्री मोहता और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड से जसबीर सिंह जैसे विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
भक्ति, राष्ट्रप्रेम और गंगा आराधना का संगम
समूचे कार्यक्रम में भक्ति, देशभक्ति और गंगा आराधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। देव दीपावली की रात दशाश्वमेध घाट दीपों की सुनहरी आभा में नहा उठा, वहीं माँ गंगा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।










