अखिलेश यादव ने दी तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई, कहा – बिहार के आगामी मुख्यमंत्री…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार में महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव का आज जन्मदिन है। इस मौके पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की शुभकामना ने बिहार की सियासत में नई हलचल मचा दी है।

अखिलेश यादव का पोस्ट बना चर्चा का विषय

अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, बिहार के जनप्रिय ‘नौकरी-नायक’ युवा नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और बिहार के आगामी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की अनंत शुभकामनाएं!

अखिलेश यादव के इस बयान ने बिहार की राजनीतिक हलचल को तेज कर दिया है। आम तौर पर जन्मदिन की बधाई देने वाले अन्य नेताओं ने सिर्फ शुभकामनाएं दीं, लेकिन अखिलेश यादव द्वारा “आगामी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने” जैसी बात कहना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।

बिहार चुनाव में सपा की सक्रियता

गौरतलब है कि इस समय बिहार में विधानसभा चुनाव का माहौल है। अखिलेश यादव खुद और समाजवादी पार्टी के कई नेता महागठबंधन उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे हैं। हालांकि, सपा का कोई उम्मीदवार बिहार में चुनाव नहीं लड़ रहा, फिर भी अखिलेश यादव अब तक 20 से अधिक रैलियां कर चुके हैं और आज चार और रैलियों को संबोधित करने वाले हैं।

हर सभा में अखिलेश यादव जनता से तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते नजर आते हैं। वे अपने भाषणों में कहते हैं कि, “तेजस्वी के मुख्यमंत्री बनने से बिहार के युवाओं को नौकरी और बेहतर भविष्य मिलेगा।”

विपक्षी एकता का संदेश

अखिलेश यादव की यह सक्रियता और उनका आज का जन्मदिन संदेश विपक्षी एकता का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि इससे यह संदेश गया है कि महागठबंधन में नेतृत्व को लेकर कोई मतभेद नहीं है, और सभी दल तेजस्वी यादव के नेतृत्व में एकजुट हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें