Up weather : यूपी में ठंड ढाएगी सितम, IMD ने 30 जिलों में जारी किया कोल्ड वेव का येलो अलर्ट 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather : उत्तर प्रदेश में अब ठंड ने दस्तक दे दी है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में कोल्ड वेव (शीतलहर) की चेतावनी जारी की है। मंगलवार, 11 नवंबर को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में ठंड अपने चरम पर पहुंचने के आसार हैं।

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, मंगलवार को उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों में शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। इसके लिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में दिखेगा ठंड का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, जालौन, कानपुर, औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, अमेठी, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र में ठंड बढ़ने के साथ शीतलहर चलने की संभावना है।

धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड, दिखेगा कोहरा

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अब राज्य में ठंड धीरे-धीरे बढ़ेगी। अगले कुछ दिनों में शीतलहर के साथ कोहरे का असर भी नजर आने लगेगा। न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी, जिससे सुबह और रात का समय ठंडा रहेगा।

लखनऊ और नोएडा में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। हालांकि सुबह और देर रात ठंड का एहसास बढ़ेगा। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जो सोमवार की तुलना में लगभग 1 डिग्री कम है।

वहीं, नोएडा में सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की उम्मीद है। दिन बढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
गाजियाबाद का मौसम भी लगभग इसी तरह रहेगा।


इटावा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, इटावा में सोमवार को सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, फुर्सतगंज में घना कोहरा छाया रहा और दृश्यता घटकर 500 मीटर तक सीमित हो गई।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें