UP Weather : सुबह कोहरा और रात में शीतलहर, कई जिलों में पारा पहुंचा 9 डिग्री, IMD ने बताया कैसा रहेगा आगे का मौसम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राज्य के कई जिलों में अब कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक देखने को मिल रहा है। दिन-प्रतिदिन तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का एहसास काफी बढ़ गया है। बुधवार की सुबह कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा, जिसके चलते लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा।

सुबह कोहरा, रात में शीतलहर का असर

मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर के दूसरे हफ्ते में उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में सुबह के समय कोहरा और रात में शीतलहर का असर महसूस किया जा रहा है। प्रदेश का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं, अधिकतर जिलों में दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे सड़क यातायात पर भी असर पड़ रहा है।

12 से 14 नवंबर तक रहेगा शुष्क मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 12 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने वाला है। हालांकि, सुबह और देर रात में कई जिलों में कोहरा छाया रहेगा। यही स्थिति 13 और 14 नवंबर को भी बनी रह सकती है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और रात के समय जरूरी सावधानियां बरतें और बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचाएं।

कई जिलों में छाया घना कोहरा

बुधवार सुबह लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, औरैया, इटावा, कन्नौज, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, जालौन, फर्रुखाबाद, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, सीतापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर, बाराबंकी, बहराइच, अयोध्या, अमेठी, कौशांबी और सोनभद्र घने कोहरे की चादर में लिपटे नजर आए। कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर तक घट गई, जिससे सुबह के समय वाहनों की रफ्तार थम सी गई।

पहाड़ों की बर्फबारी का असर यूपी में

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते अब पछुआ हवाएं मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ा रही हैं। इन हवाओं से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और तेज हो सकता है।

कानपुर सबसे ठंडा शहर

मंगलवार को दर्ज तापमान के अनुसार, कानपुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जो मौसम के सामान्य स्तर से काफी नीचे है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें