कोलकाता I बांग्लादेश में शुक्रवार को 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके तेज़ झटके पश्चिम बंगाल के कई जिलों में महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ढाका के पास नरसिंगदी शहर से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम में था। इसकी गहराई सिर्फ 10 किलोमीटर होने के कारण कंपन का असर दूर तक महसूस हुआ और भारत तक साफ दिखाई दिया।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, सिलीगुड़ी, मालदा, कूचबिहार, नादिया और दक्षिण दिनाजपुर समेत कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किए। अचानक आए झटकों से घबराकर लोग घर, दफ्तर और ऊंची इमारतों से बाहर निकल आए। कई जगहों पर सड़क पर भीड़ बढ़ने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।
अभी तक भारत और बांग्लादेश दोनों ही देशों से किसी तरह के नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है। झटके कुछ सेकंड तक रहे, लेकिन अचानक होने के कारण लोगों में दहशत फैल गई।









