अयोध्या में 25 नवंबर को होने वाले राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। यह कार्यक्रम इसलिए बेहद खास है, क्योंकि राम मंदिर प्रांगण में पहली बार भव्य और पारंपरिक तरीके से ध्वज फहराया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट और जिला प्रशासन इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाने में जुटा हुआ है। देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियों के आने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे मुख्य अतिथि
इस विशाल समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके अलावा देश के खेल और सिनेमा जगत से कई बड़े नामों को निमंत्रण भेजा गया है।
सिनेमा और खेल जगत की हस्तियां होंगी शामिल
सूत्रों के अनुसार, बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और अक्षय कुमार, साथ ही क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर भी इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंचेंगे। इन सितारों की मौजूदगी से कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ जाएगी।
10 हजार से अधिक मेहमानों के लिए विशेष व्यवस्था
ध्वजारोहण समारोह में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से 3 हजार से अधिक विशिष्ट अतिथियों को बुलाया गया है, जबकि अयोध्या जिले से 7 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। कुल मिलाकर 10 हजार से ज्यादा मेहमानों के लिए मंदिर परिसर में अलग-अलग ब्लॉकों में बैठने की सुविधाएं बनाई गई हैं। सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक तैनात किए जाएंगे। प्रवेश केवल एंट्री पास के आधार पर ही मिलेगा।
एयरपोर्ट पर अलर्ट, वीवीआईपी के लिए खास इंतजाम
वीवीआईपी मेहमानों की आमद को देखते हुए महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा को बेहद कड़ा कर दिया गया है। यहां 60 से 80 चार्टेड प्लेन उतरने की संभावना जताई जा रही है। इसके लिए एयरपोर्ट पर अतिरिक्त पार्किंग और रनवे की खास व्यवस्था की गई है। सुरक्षा प्रबंधन के लिए 100 से अधिक CISF जवान तैनात किए जा रहे हैं।










