उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बढ़े तापमान से मिली हल्की राहत अब खत्म होने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) लखनऊ केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले एक सप्ताह में प्रदेश का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इस गिरावट के साथ ही यूपी में कड़ाके की सर्दी फिर से दस्तक देने वाली है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है।
क्यों बढ़ेगी ठंड?
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में कोई बड़ा सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है। हाल ही में तापमान में जो बढ़ोतरी देखी गई थी, वह हवा की दिशा बदलने की वजह से हुई थी। लेकिन अब यह बदलाव थम गया है।
पश्चिमी हिमालयी इलाकों से आने वाली ठंडी और सूखी पश्चिमी तथा उत्तर-पश्चिमी हवाएं अब फिर से तेज़ी पकड़ रही हैं। यही हवाएं अगले सात दिनों में तापमान को धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री तक नीचे ले जाएंगी।
सुबह रहेगा घना कोहरा
ठंड बढ़ने के साथ ही राज्य में सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाए रहने की भी संभावना है। कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है, जिससे सड़क परिवहन पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि जैसे-जैसे सूरज निकलेगा, कोहरा तेजी से छंट जाएगा और दिन में धूप निकलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की अपील
IMD ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे ठंड को हल्के में न लें और सावधान रहें। खासकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग गर्म कपड़ों का विशेष ध्यान रखें।










