उत्तर प्रदेश समेत देश के 12 राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग पर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने दावा किया है कि चुनाव आयोग की वेबसाइट 30 नवंबर की मध्यरात्रि के बाद बंद हो सकती है, जिससे फॉर्म जमा करने में लोगों को दिक्कत हो सकती है।
ECI की वेबसाइट बंद होने का दावा
रामगोपाल यादव ने चेतावनी देते हुए कहा, आशंका है कि 30 नवंबर की मध्यरात्रि के बाद इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट बंद कर दी जाएगी। इसलिए सभी लोग 30 नवंबर की शाम से पहले अपने फॉर्म जमा कर दें, वरना बाकी लोगों को ‘ऐब्सेंट’ दिखा दिया जाएगा और उनका वोट नहीं बन पाएगा।”
अखिलेश यादव बोले…
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने SIR प्रक्रिया को लेकर बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और बीजेपी मिलकर इस प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीएलओ पर बेवजह दबाव डाला गया, जिसके चलते कई जगहों पर कर्मचारियों ने आत्मघाती कदम उठाए।
अखिलेश ने सवाल किया, एसआईआर को लेकर बीजेपी इतनी जल्दी में क्यों है? सरकारी डेटा कह रहा है कि फॉर्म बांटे जा चुके हैं, लेकिन जमीन पर फॉर्म मिले ही नहीं हैं। यह सोची-समझी साजिश है।”
चुनाव आयोग ने क्या कहा?
चुनाव आयोग ने शनिवार (29 नवंबर) को जारी दैनिक बुलेटिन में बताया है कि:
-
12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 99.53% गणना प्रपत्र (EF) बांटे जा चुके हैं।
-
उत्तर प्रदेश में 15.40 करोड़ से अधिक मतदाताओं को कवर करते हुए 99.74% EF वितरण पूरा हो चुका है।
चुनाव आयोग के इस बयान को सपा के आरोपों का जवाब माना जा रहा है।










