वाराणसी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में मंगलवार की आधी रात हंगामा मच गया। एक मामूली सी घटना ने इतना तूल पकड़ लिया कि कैंपस युद्धभूमि जैसा नजर आने लगा। राजाराम हॉस्टल के पास एक कार से बिड़ला हॉस्टल के छात्र को हल्का धक्का लग गया। इसी बात को लेकर छात्र नाराज हो गए और शिकायत लेकर चीफ प्रॉक्टर ऑफिस पहुंच गए।
लेकिन वहां उनकी सुरक्षा कर्मियों से बहस हो गई, और देखते ही देखते मामला गर्माया। कुछ मिनटों में सैकड़ों छात्र इकट्ठा हो गए और वीसी आवास के बाहर विरोध शुरू कर दिया। हालात इस कदर बिगड़े कि छात्रों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
कैंपस में दो घंटे अफरातफरी, पांच थानों की पुलिस तैनात
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी ही देर में पांच थानों की पुलिस और PAC कैंपस में पहुंच गई। पुलिस ने छात्रों को हॉस्टलों की ओर खदेड़ा और विश्वविद्यालय हॉस्टल मार्ग को बंद कर दिया।
करीब दो घंटे तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। इस पूरे घटनाक्रम में करीब 50 लोग घायल हुए हैं—जिनमें लगभग 10 पुलिसकर्मी, 20-25 छात्र और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के 10-15 सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रॉक्टोरियल बोर्ड पर पिटवाने का आरोप
छात्रों का आरोप है कि शिकायत करने पहुंचे छात्रों के साथ प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने सुरक्षा कर्मियों से मारपीट करवाई। इसी से गुस्साए छात्रों ने पत्थरबाजी की। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में छात्र सुरक्षा कर्मियों पर पत्थर फेंकते और सुरक्षाकर्मी उन्हें खदेड़ते नजर आ रहे हैं।
फिलहाल कैंपस की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन देर रात हुई इस घटना ने BHU प्रशासन से लेकर छात्रों तक सभी को झकझोर कर रख दिया है। विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच की तैयारी कर रहा है।










