वाराणसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय मल्टीस्टोरी, शिवपुर (कांशीराम आवास, इन्द्रपुर) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथवार ASD (अनुपस्थित, शिफ्टेड एवं मृत्यु) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं के अद्यतन विवरणों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों की की गहन जांच
निरीक्षण के दौरान डीएम सत्येंद्र कुमार ने एसआईआर (SIR) के तहत भरे गए सभी प्रपत्रों को बारीकी से जांचा। उन्होंने मौके पर मौजूद बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा:
-
जिन मतदाताओं के एसआईआर फॉर्म लंबित हैं, उनके घर-घर जाकर सत्यापन करें।
-
फॉर्म अपलोड करते समय नाम कटने का कारण स्पष्ट रूप से दर्ज करें।
-
कोई भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि अगर किसी मतदाता का नाम गलती से ASD श्रेणी में डाल दिया गया है, तो उसे तुरंत रोल बैक किया जाए।”
2003 की मतदाता सूची से करें मैपिंग
जिलाधिकारी ने बूथवार वितरित गणना प्रपत्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि उन्हें 2003 की मतदाता सूची से मिलान (मैपिंग) किया जाए। जिन मतदाताओं ने अभी तक प्रपत्र वापस नहीं किया है या फिर:
-
अनुपस्थित हैं,
-
किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं,
-
उनकी मृत्यु हो चुकी है,
-
या दोहरी प्रविष्टि है,
उन सभी का विवरण ASD में दर्ज किया गया है। डीएम ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों की दोबारा पड़ताल कर, संबंधित परिवार या पड़ोसी से हस्ताक्षर कराकर सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
ASD मतदाताओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि जो मतदाता खोजने पर भी नहीं मिल रहे हैं, उनमें से अधिकतम लोगों की पहचान कर गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीएलओ को सलाह दी कि वे अपने बूथ से जुड़े बीएलए के साथ बैठक करें और ASD श्रेणी से संबंधित मतदाताओं की सूची साझा करें। इस सूची को बूथ पर चस्पा करने के भी निर्देश दिए गए।
कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज में भी किया निरीक्षण
डीएम ने इसके बाद कटिंग मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज में भी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।










