Meta के स्वामित्व वाला मैसेजिंग ऐप WhatsApp एक नए फीचर पर काम कर रहा है, जो अब तक Instagram में देखने को मिलता था। इस अपडेट के बाद यूजर्स अपने WhatsApp Status को ड्राफ्ट में सेव कर सकेंगे, ताकि अधूरा रहने पर उसे बाद में पूरा कर पोस्ट किया जा सके। फिलहाल यह सुविधा कुछ चुनिंदा बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराई गई है।
चैट के बाद अब स्टेटस में भी ड्राफ्ट सुविधा
हाल ही में WhatsApp ने चैट्स के लिए ड्राफ्ट फीचर पेश किया था, जिससे अधूरे लिखे मैसेज आसानी से पहचाने जा सकते हैं। अब इसी सुविधा को स्टेटस सेक्शन में लाने की तैयारी है। इसका मकसद यूजर्स को स्टेटस बनाते समय ज्यादा सहूलियत देना है।
बीच में छोड़ा स्टेटस भी रहेगा सुरक्षित
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ बीटा टेस्टर्स को स्टेटस एडिटर में नया ड्राफ्ट ऑप्शन दिखाई दे रहा है। अगर कोई यूजर टेक्स्ट, फोटो, स्टिकर या ड्रॉइंग के साथ स्टेटस बना रहा है और बीच में उसे रोकना पड़ जाए, तो वह उसे ड्राफ्ट के रूप में सेव कर सकेगा। बाद में उसी जगह से दोबारा एडिटिंग शुरू की जा सकेगी।
अब खुद को मैसेज भेजने की जरूरत नहीं
अब तक कई यूजर्स अधूरी फोटो या कैप्शन को सेव रखने के लिए खुद को ही मैसेज भेजते थे। नए फीचर के आने के बाद स्टेटस एडिटर ही एक तरह का वर्कस्पेस बन जाएगा, जहां बिना पोस्ट किए कंटेंट सुरक्षित रखा जा सकेगा।
बैक बटन पर भी मिलेगा सेव करने का विकल्प
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि स्टेटस एडिटर में एक सेव बटन दिया जाएगा। इसके अलावा, अगर यूजर बैक बटन दबाता है तो WhatsApp उससे पूछ सकता है कि वह स्टेटस डिलीट करना चाहता है या ड्राफ्ट के रूप में सेव करना।
फिलहाल टेस्टिंग में है फीचर
यह फीचर अभी टेस्टिंग फेज में है और सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। WhatsApp अलग-अलग डिवाइस पर इसकी जांच कर रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले हफ्तों में इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा सकता है।










