वाराणसी: मेंटेनेंस के चलते 30 दिन बंद रहेगा 138 साल पुराना राजघाट पुल, जानें वैकल्पिक मार्ग और ट्रैफिक डायवर्जन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। बनारस की ऐतिहासिक पहचान बने 138 वर्ष पुराने मालवीय पुल (राजघाट पुल) को मेंटेनेंस कार्य के चलते 20 दिसंबर 2025 से एक महीने के लिए चार पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इस दौरान पुल से केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्रियों को ही आने-जाने की अनुमति होगी।

गंगा नदी पर बना यह डबल डेकर पुल वाराणसी को चंदौली (मुगलसराय) से जोड़ता है और बिहार व पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले सड़क मार्ग का अहम हिस्सा है। पुल के ऊपरी हिस्से से सड़क यातायात चलता है, जबकि निचले हिस्से से रेलवे की मुख्य लाइन गुजरती है। मेंटेनेंस कार्य के दौरान ट्रेनों की आवाजाही पर कोई पूर्ण प्रतिबंध नहीं होगा, हालांकि सुरक्षा के लिहाज से गति सीमा तय की जा सकती है।

पीडब्ल्यूडी सूत्रों के अनुसार, पुल का निर्माण वर्ष 1887 में पूरा हुआ था और आजादी से पहले इसे डफरिन ब्रिज के नाम से जाना जाता था। वर्तमान में इस पुल से प्रतिदिन करीब 50 हजार वाहन गुजरते हैं। मेंटेनेंस के कारण भारी और अन्य चार पहिया वाहनों की आवाजाही रुकने से शास्त्री पुल, विश्वसुंदरी पुल, लंका, सामनेघाट और नेशनल हाईवे-2 पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि पुल बंद होने को लेकर जल्द ही विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जाएगी, ताकि आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी समय पर मिल सके। उल्लेखनीय है कि इससे पहले वर्ष 2007 में भी मेंटेनेंस के लिए मालवीय पुल को बंद किया गया था। इसके अलावा कुछ वर्ष पहले भारी वाहनों पर रोक लगाई गई थी, जिसे बाद में हटा लिया गया था।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लेकर ही निकलें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें