गोवा नाइटक्लब अग्निकांड: थाईलैंड से भारत लाए गए लूथरा बद्रर्स, दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस ने हिरासत में लिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोवा के अरपोरा स्थित नाइटक्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में फरार चल रहे सौरभ और गौरव लूथरा को भारत वापस लाया गया है। दोनों को थाईलैंड से दिल्ली लाया गया, जहां उनकी फ्लाइट के लैंड करते ही गोवा पुलिस ने एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक, लूथरा ब्रदर्स 16 दिसंबर को इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। पहले से मौजूद गोवा पुलिस की टीम ने फ्लाइट से उतरते ही दोनों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया, जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया के तहत दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि 11 दिसंबर को थाईलैंड के फुकेट स्थित होटल से दोनों को हिरासत में लिया गया था। इसके अगले दिन उन्हें बैंकॉक लाया गया, जहां से भारत प्रत्यर्पण की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसी दौरान गोवा पुलिस के अनुरोध पर दोनों के पासपोर्ट भी निलंबित कर दिए गए थे। इसके अलावा, रोहिणी कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि नाइटक्लब में आग लगने के दौरान ही दोनों आरोपियों ने देश छोड़ने की तैयारी कर ली थी। गोवा पुलिस के अनुसार, 7 दिसंबर की रात उन्होंने थाईलैंड के फुकेट जाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक कर लिए थे। इसके बाद 8 दिसंबर को पुलिस ने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था।

गौरतलब है कि 6 दिसंबर की देर रात अरपोरा स्थित नाइटक्लब ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ में भीषण आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी। घटना के बाद से ही क्लब के मालिकों की भूमिका को लेकर जांच चल रही थी। अब लूथरा भाइयों की गिरफ्तारी के बाद मामले में पूछताछ तेज होने की उम्मीद है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें