स्टारलिंक, स्पेसएक्स और टेस्ला के मालिक एलन मस्क ने इतिहास रच दिया है। सोमवार को वह दुनिया के पहले ऐसे व्यक्ति बन गए, जिनकी कुल संपत्ति 600 बिलियन डॉलर (करीब 54.49 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गई। Forbes के मुताबिक, 15 दिसंबर की दोपहर तक मस्क की नेटवर्थ बढ़कर करीब 677 बिलियन डॉलर (लगभग 61.47 लाख करोड़ रुपये) हो गई। अब तक वैश्विक स्तर पर कोई भी व्यक्ति इतनी बड़ी संपत्ति तक नहीं पहुंच सका है।
स्पेसएक्स की वैल्यूएशन से आई बड़ी छलांग
एलन मस्क की दौलत में यह जबरदस्त उछाल मुख्य रूप से उनकी प्राइवेट स्पेस कंपनी SpaceX की वैल्यूएशन में आई तेजी की वजह से हुआ है। हालिया टेंडर ऑफर में स्पेसएक्स की कीमत 800 बिलियन डॉलर आंकी गई, जबकि अगस्त में यह करीब 400 बिलियन डॉलर थी।
मस्क के पास स्पेसएक्स में लगभग 42% हिस्सेदारी है, जिससे उनकी संपत्ति में अकेले यहीं से करीब 168 बिलियन डॉलर की बढ़ोतरी हुई। इस बढ़त के साथ ही वह दूसरे नंबर के अमीर व्यक्ति लैरी पेज से लगभग 400 बिलियन डॉलर आगे निकल गए हैं।
500 बिलियन से 600 बिलियन तक का सफर
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में एलन मस्क 500 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ पार करने वाले पहले व्यक्ति बने थे। महज दो महीने के भीतर ही उनकी संपत्ति में 100 बिलियन डॉलर से ज्यादा का इजाफा हो गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पेसएक्स साल 2026 में आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा होता है और कंपनी की वैल्यूएशन 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचती है, तो मस्क की दौलत में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।
टेस्ला की हिस्सेदारी भी बनी बड़ी वजह
मस्क की संपत्ति में अहम योगदान उनकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी Tesla का भी है। उनके पास टेस्ला में करीब 12% हिस्सेदारी है, जिसकी मौजूदा कीमत लगभग 197 बिलियन डॉलर आंकी जा रही है।
हालांकि इस साल टेस्ला की बिक्री में कुछ गिरावट देखी गई, फिर भी कंपनी के शेयरों में करीब 13% की तेजी दर्ज की गई। सोमवार को ही शेयर लगभग 4% चढ़े, जब मस्क ने जानकारी दी कि कंपनी बिना फ्रंट सीट सेफ्टी मॉनिटर के रोबोटैक्सी का टेस्ट कर रही है।
नवंबर में टेस्ला के शेयरधारकों ने मस्क के लिए 1 ट्रिलियन डॉलर का पे पैकेज मंजूर किया था, जिसे अब तक का सबसे बड़ा कॉर्पोरेट पे पैकेज माना जा रहा है। इससे कंपनी को एआई और रोबोटिक्स के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ।
दूसरी कंपनियों से भी बढ़ रही कमाई
एलन मस्क की आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI भी चर्चा में है। कंपनी करीब 15 बिलियन डॉलर की नई फंडिंग जुटाने पर बातचीत कर रही है, जिससे उसकी वैल्यूएशन 230 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकती है। हालांकि, इस पर मस्क या उनकी कंपनियों की ओर से आधिकारिक बयान अभी नहीं आया है।
कुल मिलाकर, स्पेसएक्स, टेस्ला और xAI जैसी कंपनियों की बढ़ती वैल्यूएशन ने एलन मस्क को दुनिया का सबसे अमीर व्यक्ति बना दिया है और आने वाले समय में यह आंकड़ा और भी ऊंचा जा सकता है।










