वाराणसी। केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ गुरुवार को वाराणसी में कांग्रेस नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कार्यालय से मलदहिया चौराहे तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इस दौरान पुलिस के कड़े पहरे के बावजूद प्रदर्शनकारी सरदार पटेल की प्रतिमा तक पहुंचे और वहां माल्यार्पण किया।

कांग्रेस नेताओं ने यंग इंडियन मामले में पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित और अवैध बताया। प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी नारे लगाए गए, जिसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस लाइंस भेज दिया गया।
सुबह से ही पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिलाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि किसी बड़े आंदोलन को रोका जा सके।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गांधीवादी विचारधारा से घबराई सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और जबरन पुलिस कार्रवाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता डरने या दबने वाले नहीं हैं और न्याय की इस लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ते रहेंगे।
भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन की घोषणा के बाद मलदहिया इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मौके पर एसीपी शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी क्राइम सरवणन टी, एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी और सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।










