जौनपुर। जिले के चंदवक थाना क्षेत्र अंतर्गत महुली गांव में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब क्रिकेट खेलने जा रहे एक युवक को बुलेट सवार बदमाशों ने गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरवार गांव निवासी सिपाही लाल यादव का 20 वर्षीय बेटा विशाल यादव अपने दोस्तों के साथ महुली गांव के नारे में क्रिकेट मैच खेलने जा रहा था। रास्ते में वह अरका–रतनूपुर मार्ग पर स्थित एक परचून की दुकान पर सामान लेने रुका। इसी दौरान अरका गांव की ओर से सफेद रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार युवकों ने पहले विशाल से गाली-गलौज की और फिर पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली विशाल के दाहिने पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह दर्द से चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से रतनूपुर की ओर फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, विशाल गुजरात में प्लंबर का काम करता है और करीब चार महीने पहले ही गांव आया था। उसके पिता सिपाही लाल यादव मुंबई की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। विशाल दो भाइयों में बड़ा है, जबकि उसका छोटा भाई कक्षा आठ में पढ़ाई कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल युवक का इलाज वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। परिजनों से बात हो चुकी है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि घायल के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।










