गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती ठंड और भीषण शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े और अहम निर्देश जारी किए हैं। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सीएम योगी ने प्रदेश के सभी बोर्डों (यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई) से संबद्ध कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शीतलहर के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अफसरों को मैदान में उतरने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे खुद जिलों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और जरूरतमंद इलाकों में अलाव और कंबलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रैन बसेरों पर विशेष ध्यान
सीएम योगी ने रैन बसेरों के संचालन को लेकर भी सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो। सभी रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जरूरतमंदों तक समय पर राहत सामग्री पहुंचे और शीतलहर से किसी भी प्रकार की जनहानि न होने पाए। सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर और कड़े कदम उठाए जाएंगे।










