यूपी में ठंड का ‘थर्ड डिग्री टॉर्चर’ जारी, नए साल पर बारिश के आसार, IMD का अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वाराणसी, प्रयागराज समेत कई शहरों में हालात ऐसे हैं मानो कुल्लू-मनाली जैसी सर्दी पड़ रही हो। घना कोहरा, शीतलहर और कोल्ड डे के बीच अब बारिश की संभावना ने ठंड और बढ़ने के संकेत दे दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हालात और सख्त हो सकते हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 72 घंटे तक कोहरा और कोल्ड डे का असर बना रहेगा। वहीं नए साल यानी 1 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिसके बाद तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार 29, 30 और 31 दिसंबर को भी कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

सोमवार (29 दिसंबर) को प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर, फतेहपुर, कानपुर, कन्नौज, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस और एटा में घने से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कोल्ड डे को लेकर भी चेतावनी दी है।

येलो अलर्ट वाले जिले

गोरखपुर, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, देवरिया, आजमगढ़, बलिया, मऊ, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर और अंबेडकर नगर में भी ठंड और कोहरे का असर देखने को मिलेगा। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है और सुबह के समय 500 से 800 मीटर तक विजिबिलिटी रहने की संभावना जताई गई है।

लखनऊ और नोएडा का हाल

प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार की सुबह घने कोहरे के साथ हुई, जहां कई इलाकों में विजिबिलिटी 300 से 700 मीटर तक सिमट गई। मौसम विभाग के अनुसार 29 दिसंबर को लखनऊ में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं नोएडा में भी कोहरे का असर बना रहेगा, जिसके चलते यहां भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।

तापमान में और गिरावट के संकेत

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे और ठंड के चलते सावधानी बरतने, खासकर सुबह और रात के समय यात्रा में सतर्क रहने की सलाह दी है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें