‘जी राम जी’ योजना पर अखिलेश यादव का हमला, बोले– मनरेगा खत्म करने की BJP की साजिश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘जी राम जी’ योजना को लेकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मनरेगा को धीरे-धीरे समाप्त करने की गोपनीय साजिश कर रही है और नाम बदलकर असल मुद्दे से ध्यान भटकाया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि मनरेगा का नाम बदलने से कुछ नहीं होगा। सच्चाई यह है कि भाजपा सरकार लगातार मनरेगा का बजट घटाती जा रही है। साथ ही राज्यों पर खर्च का दबाव इतना बढ़ा दिया गया है कि जीएसटी व्यवस्था के तहत केंद्र से समय पर पैसा न मिलने के कारण पहले से ही कमजोर आर्थिक स्थिति वाले राज्य अतिरिक्त बजट कहां से लाएंगे। नतीजतन, राज्य खुद ही इस योजना को बंद करने की स्थिति में पहुंच जाएंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सैकड़ों ग्राम सभाओं को ‘अर्बन कैटेगरी’ में डालकर उनका बजट खत्म कर दिया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का मकसद सिर्फ नाम बदलना नहीं, बल्कि मनरेगा को पूरी तरह ‘राम-राम’ करना है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि भाजपा अपने अलावा किसी और का पेट भरते हुए नहीं देख सकती और आज का गरीब कह रहा है कि उसे भाजपा नहीं चाहिए।

वहीं, दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘विकसित भारत जी राम जी–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन’ को लेकर कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि अब बेकार के गड्ढे खोदने और भरने के काम नहीं होंगे, बल्कि रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, चेक डैम, सड़क, नाली, खेल मैदान, ओपन जिम, मंडी निर्माण और बड़ी पंचायतों में स्थायी ढांचागत कार्य कराए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह पहल विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी। इस योजना से प्रदेश की लगभग 58 हजार ग्राम पंचायतों और एक लाख से अधिक राजस्व गांवों को लाभ मिलेगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें