वाराणसी में PDA पंचांग का रविवार को विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर PDA पंचांग के प्रकाशक और समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया तथा मुख्य अतिथि आशुतोष सिन्हा ने कार्यक्रम के दौरान पंडित संजय मिश्रा को मंच पर सम्मानित स्थान प्रदान किया।
कार्यक्रम के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में पंडित संजय मिश्रा ने समाजवादी पार्टी की विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सपा सर्वहारा समाज की पार्टी है, जहां किसी भी वर्ग, जाति या समुदाय के साथ भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि अगड़ी जाति, पिछड़ा वर्ग, दलित, वैश्य समाज, अल्पसंख्यक और आदिवासी—सभी को समाजवादी पार्टी में बराबर सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलता रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से ब्राह्मण समाज से अपील करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा ब्राह्मण समाज का सम्मान किया है और आगे भी करती रहेगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ राजनीतिक दल अपने स्वार्थ के लिए समाज को गुमराह कर रहे हैं और नई पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। पंडित संजय मिश्रा ने कहा कि विकास और जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद और भारत-पाकिस्तान जैसे विषयों पर राजनीति करने वालों से समाज को सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व को मजबूत करना आवश्यक है और इसके लिए सपा के विधानसभा प्रत्याशियों को जिताना होगा।
पत्रकार वार्ता में समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित ई. वैभव पाठक, समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष पंडित अभिषेक मिश्रा (आर.डी.), जिला पंचायत सदस्य पंडित सिकन्दर मिश्रा, जिला सचिव पंडित गोपाल पाण्डेय और समाजवादी प्रबुद्ध सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष पंडित आनंद प्रकाश तिवारी सहित कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










