पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली एम्स में भर्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। 74 वर्षीय धनखड़ को एहतियातन दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, 10 जनवरी को उन्हें वॉशरूम में दो बार बेहोशी का दौरा पड़ा, जिसके बाद परिजन और सुरक्षा अधिकारी उन्हें तत्काल एम्स लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें निगरानी में भर्ती किया गया है और उनकी विस्तृत जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एमआरआई समेत अन्य जरूरी मेडिकल टेस्ट भी कराए जा रहे हैं। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टर लगातार स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।

पहले भी कई बार बिगड़ चुकी है तबीयत

यह पहली बार नहीं है जब जगदीप धनखड़ की तबीयत खराब हुई हो। इससे पहले भी कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान उन्हें बेहोशी आने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन सभी मौकों पर वह उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए थे।

स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर दिया था इस्तीफा

21 जुलाई 2025 को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उस दिन उन्होंने बतौर राज्यसभा सभापति कार्यवाही भी संचालित की थी, लेकिन रात में उनके इस्तीफे की सूचना आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए सामने आई। इस्तीफे में उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का उल्लेख किया था, हालांकि उस समय विपक्ष और कई राजनीतिक विश्लेषकों ने इस पर सवाल भी उठाए थे।

आवास को लेकर भी लिख चुके हैं पत्र

इस्तीफे के बाद भी जगदीप धनखड़ से जुड़ी कई बातें चर्चा में रहीं। कुछ समय पहले सामने आया था कि उन्हें पूर्व उपराष्ट्रपति के रूप में मिलने वाला सरकारी आवास अब तक आवंटित नहीं हुआ है। इसको लेकर उन्होंने 22 अगस्त को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर आधिकारिक आवास की मांग की थी।

पूर्व उपराष्ट्रपति को मिलने वाली सुविधाएं

नियमों के अनुसार, भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति को केंद्र सरकार की ओर से कई सुविधाएं मिलती हैं। इनमें हर महीने दो लाख रुपये की पेंशन, टाइप-8 सरकारी बंगला, निजी सचिव, अतिरिक्त निजी सचिव, निजी सहायक, डॉक्टर, नर्सिंग अफसर समेत चार निजी सहायकों की सुविधा शामिल है।

फिलहाल देशभर में जगदीप धनखड़ के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रखे हुए है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें