काशी-दादर एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की झूठी धमकी, आरोपी मुंबई से दबोचा गया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। काशी-दादर एक्सप्रेस में बार-बार बम होने की झूठी सूचना देकर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में हड़कंप मचाने वाले आरोपी को जीआरपी ने आखिरकार मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राजेश शुक्ला के रूप में हुई है, जो जौनपुर जनपद के मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र स्थित दियावां महादेव का निवासी है। कैंट जीआरपी टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लेकर पहुंची है।

कैंट रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि आरोपी ने पहली बार 2 जून को जीआरपी कंट्रोल रूम, प्रयागराज में कॉल कर काशी-दादर एक्सप्रेस और एलटीटी-बलिया कामायनी एक्सप्रेस में बम होने की झूठी सूचना दी थी। मोबाइल नंबर के आधार पर उसे पकड़ा गया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वह जमानत पर बाहर आ गया।

जमानत पर रिहा होने के बाद भी आरोपी ने अपनी गतिविधियां जारी रखीं। 18 नवंबर को उसने फिर काशी-दादर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना दी। भदोही स्टेशन पर ट्रेन की सघन जांच कराई गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस बार आरोपी ने 15 अंकों के एक संदिग्ध नंबर से कॉल किया, जिससे उसे ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

इसके बाद 6 जनवरी को एक बार फिर काशी-दादर एक्सप्रेस में बम की सूचना मिली। मऊ स्टेशन पर ट्रेन की जांच कराई गई। सर्विलांस और कंट्रोल रूम के सीयूजी नंबरों की CDR जांच में पता चला कि धमकी भरा कॉल मुंबई के एक पीसीओ से किया गया था।

 

सूचना के आधार पर जीआरपी की टीम पीसीओ संचालक तक पहुंची, जिसने पुष्टि की कि आरोपी वहां अक्सर फोन करने आता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसे मुंबई के कनकिया मेन रोड स्थित वासुदेव पैराडाइज अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया, जहां वह कार्यरत था।

 

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक डायरी बरामद हुई, जिसमें रेलवे और प्रशासन के कई प्रमुख अधिकारियों और कार्यालयों के मोबाइल नंबर दर्ज पाए गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी का उद्देश्य केवल दहशत फैलाना था या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क भी सक्रिय है।

गिरफ्तारी अभियान में इंस्पेक्टर रजोल नागर, एसआई प्रमोद कुमार यादव, सर्विलांस सेल के राधामोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल ओंकारनाथ यादव, दुर्गेश खरवार और मनीष कुमार कश्यप शामिल रहे। मऊ की राजकीय रेलवे पुलिस भी जांच में सहयोग कर रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें