घने कोहरे का कहर, 8 जिलों में स्कूल बंद, सड़क हादसों में 1 की मौत, 40 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ/वाराणसी। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच घना कोहरा जनजीवन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण प्रदेशभर में सड़क हादसों की श्रृंखला सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और 40 से अधिक लोग घायल हो गए।

8 जिलों में स्कूल बंद, हाइब्रिड मोड में कक्षाएं

मौसम की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा, सहारनपुर और संभल सहित 8 जिलों में कक्षा 8वीं तक के स्कूल 17 जनवरी तक बंद करने के निर्देश जारी किए हैं। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में संचालित की जा रही है।

हाईवे और एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसे

घने कोहरे के कारण प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बड़े सड़क हादसे दर्ज किए गए—

मैनपुरी: स्कूली बच्चों से भरी इको वैन को ट्रक ने टक्कर मार दी। चालक की मौके पर मौत, 6 बच्चे घायल।

श्रावस्ती: NH-730 पर ट्रक और कंटेनर की भिड़ंत, 2 घायल।

फिरोजाबाद: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मिनी बस पलटी, 7 घायल, 4 की हालत गंभीर।

इटावा: एक्सप्रेसवे पर दो स्लीपर बसों की टक्कर, 7 यात्री घायल।

संभल, रामपुर, अलीगढ़ और गोंडा में भी कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकराए।

कुल मिलाकर प्रदेश में 24 से अधिक वाहनों की आपसी टक्कर की घटनाएं सामने आई हैं।

तापमान 4 डिग्री तक गिरा, कई शहर कोहरे में ढके

पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान कई जिलों में 4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

अयोध्या में राम मंदिर भी 10 मीटर की दूरी से दिखाई नहीं दे रहा था।

कानपुर, हरदोई, बाराबंकी, बिजनौर, रायबरेली समेत 15 से अधिक जिलों में तापमान 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है।

रेल यातायात प्रभावित, 30 से अधिक ट्रेनें लेट

घने कोहरे का असर रेल संचालन पर भी पड़ा है।

गोरखपुर–लखनऊ रूट समेत कई मार्गों पर 30 से अधिक ट्रेनें 1 से 10 घंटे तक देरी से चल रही हैं।

वंदे भारत और शताब्दी जैसी प्रीमियम ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।

अगले 3 दिन बारिश और और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 21 जनवरी तक हल्की बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

इसका असर उत्तर प्रदेश में भी दिखेगा। अगले 3 से 5 दिनों तक ठंड और कोहरा जारी रहने, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें