लखनऊ : इंडिगो की फ्लाइट में बम की धमकी से हड़कंप, कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने से रविवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। यह मामला दिल्ली से बागडोगरा जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-6650 से जुड़ा है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) के जरिए सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।

लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के भीतर टिशू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिस पर लिखा था—“प्लेन में बम।” इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए सभी तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। विमान ने सुबह 9:17 बजे सुरक्षित रूप से लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की और उसे आइसोलेशन बे में खड़ा कराया गया।

222 यात्री और 8 शिशु थे सवार
पुलिस ने बताया कि फ्लाइट में कुल 222 यात्री और 8 शिशु सवार थे। इसके अलावा विमान में 2 पायलट और 5 क्रू मेंबर मौजूद थे। सुरक्षा को देखते हुए सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाल लिया गया।

बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा
घटना की सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, अन्य सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रशासन मौके पर पहुंच गया। विमान और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

कुछ देर के लिए प्रभावित रहा उड़ान संचालन

इस घटना के चलते लखनऊ एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। हालांकि जांच के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई है। लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां बम की झूठी धमकी देने वाले की तलाश में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें