सहारनपुर : एक ही परिवार के पांच लोगों का शव संदिग्ध हालात में कमरे में मिला, जांच में जुटी पुलिस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सहारनपुर जिले में मंगलवार को एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव एक कमरे से बरामद किए गए। मृतकों में अमीन अशोक, उनकी पत्नी, मां और दो बेटे शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस व फोरेंसिक टीम पहुंच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमीन अशोक और उनकी पत्नी का शव कमरे के फर्श पर पड़ा मिला, जबकि उनकी बुजुर्ग मां और दोनों बेटे बेड पर मृत अवस्था में पाए गए। कमरे से तीन तमंचे भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में अमीन के सीने पर और दोनों बच्चों के माथे पर गोली के निशान मिले हैं। वहीं, मां और पत्नी को भी गोली लगने के प्रमाण पाए गए हैं।

पुलिस फिलहाल इस मामले को हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच रही है। पूरे मकान को सील कर दिया गया है और सभी मृतकों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उनकी कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान अमीन अशोक (40), उनकी पत्नी अंजिता (37), मां विद्यावती (70) और दो बेटे कार्तिक (16) व देव (13) के रूप में हुई है। अमीन अशोक अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे से नौकरी पर लगे थे और नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे।

परिवार के दोनों बच्चे पढ़ाई में व्यस्त थे। छोटा बेटा देव कस्बे के एमटीएस पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि बड़ा बेटा कार्तिक नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता था।

पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार शांत स्वभाव का था और किसी से कोई विवाद सामने नहीं आया था। घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें