शामली। कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को लेकर गौरी शंकर गौशाला के स्वामी राम विशाल दास जी महाराज का एक विवादित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो जनपद शामली के गांव कंडेला का बताया जा रहा है, जहां 31 जनवरी को आयोजित एक विराट हिंदू सम्मेलन के दौरान स्वामी राम विशाल दास महाराज ने यह बयान दिया था।
जानकारी के अनुसार, स्वामी राम विशाल दास महाराज कंडेला गांव में आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने सांसद इकरा हसन पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय वह खुद को हिंदू गुर्जर समाज की बेटी बताकर वोट मांगती हैं और अपने संघर्षों का हवाला देती हैं।
“सिर्फ वोट के लिए गुर्जर बनती हैं”
वायरल वीडियो में स्वामी राम विशाल दास महाराज यह कहते नजर आ रहे हैं कि जब इकरा हसन वोट मांगने आती हैं तो खुद को गुर्जर बताती हैं, लेकिन यह पहचान केवल वोट तक ही सीमित रहती है। उन्होंने मंच से कहा,
“अगर इकरा हसन खुद को गुर्जर कहती हैं तो कंडेला के किसी गुर्जर युवक से शादी करके दिखाएं। यह भाईचारा सिर्फ वोट तक ही है या रिश्तेदारी में भी बदलेगा?”
उन्होंने अपने बयान में यहां तक कहा कि यदि इकरा हसन किसी गुर्जर से शादी कर लेती हैं तो वह तीन तलाक जैसी समस्याओं से भी बच सकती हैं। इस बयान के बाद सम्मेलन में मौजूद कुछ लोगों ने तालियां भी बजाईं।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
करीब 51 सेकंड का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद स्वामी राम विशाल दास महाराज को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग इस बयान को आपत्तिजनक और निजी जीवन में दखल देने वाला बता रहे हैं, वहीं कुछ समर्थक इसे राजनीतिक बयान करार दे रहे हैं।
गौरतलब है कि कैराना सांसद इकरा हसन बीते कुछ समय से हिंदू संगठनों के निशाने पर हैं। विभिन्न सम्मेलनों और कार्यक्रमों में उन्हें लेकर लगातार बयानबाजी की जा रही है। फिलहाल इस वायरल वीडियो और बयान पर इकरा हसन या उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










