राज्यसभा में पीएम मोदी ने कांग्रेस को घेरा, तो बोले राहुल गांधी- ‘प्रधानमंत्री डरे हुए हैं’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। पीएम मोदी के भाषण के दौरान विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद सियासी बयानबाज़ी और तेज हो गई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर सवालों से बचने और “डर” के चलते झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी का पलटवार

राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा,
“बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से इतने डरे कि झूठ की शरण ले ली। खैर, जो उन्हें उचित लगा, वही किया।”
राहुल गांधी का यह बयान पीएम मोदी के भाषण के तुरंत बाद सामने आया।

‘कांग्रेस के युवराज ने सिख का अपमान किया’: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के “युवराज” ने एक सिख सांसद को ‘गद्दार’ कहकर न सिर्फ उनका, बल्कि पूरे सिख समाज और गुरुओं का अपमान किया है। उन्होंने बीजेपी सांसद रवनीत बिट्टू का नाम लिए बिना कहा कि किसी सिख नेता को गद्दार कहना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर सिख समाज और असम के लोगों के प्रति गहरी नफरत भरी हुई है।

‘कांग्रेस मोदी की कब्र खोदना चाहती है’

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हताश हो चुकी है और इसी हताशा में “मोदी की कब्र खोदने” जैसे नारे लगवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा,
“हमने 370 की दीवार गिराई, नॉर्थ ईस्ट में बम-बारूद और हिंसा का दौर खत्म कर विकास की राह खोली, आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और माओवाद के खिलाफ साहसिक कदम उठाए। यही कारण है कि कांग्रेस बौखलाई हुई है।”

पीएम मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा नहीं दिया और आज वह अपने ही ‘घर के स्टार्टअप’ को संभाल पाने की स्थिति में नहीं है।

भूपेन हजारिका का मुद्दा भी उठाया

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर असम और वहां के लोगों के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा कि जब महान कलाकार भूपेन हजारिका को भारत रत्न देने का फैसला हुआ, तब कांग्रेस ने उसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा भूपेन हजारिका को “सिर्फ एक गायक” कहना न केवल असम, बल्कि पूरे कला जगत का अपमान है।

पीएम मोदी के इस तीखे भाषण के बाद संसद के बाहर भी राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे आने वाले दिनों में सियासी तापमान और बढ़ने के आसार हैं।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें