मेघालय। राज्य के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार सुबह एक कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक कम से कम 16 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूरों के खदान में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा थंगस्कू इलाके में सुबह के समय हुआ। विस्फोट के बाद खदान के अंदर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। अब तक 16 शव बाहर निकाले जा चुके हैं, लेकिन ब्लास्ट के वक्त खदान में कुल कितने मजदूर मौजूद थे, इसका स्पष्ट आंकड़ा अभी सामने नहीं आ पाया है।
अवैध खदान होने की आशंका
प्रशासन की ओर से अभी तक खदान के वैध या अवैध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह खदान अवैध प्रतीत हो रही है। गौरतलब है कि मेघालय में अवैध कोयला खनन की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं।
कारणों की जांच जारी
फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच की जाएगी और यह देखा जाएगा कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर मौजूद हैं और फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर अवैध खनन और मजदूरों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










