वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के केदार घाट पर गुरुवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है, जो झारखंड के धनबाद जिले के बैंक कॉलोनी, गोविंदपुर का निवासी था। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों ने बताया कि आयुष हाल ही में पायलट की ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटा था। वह अपनी मां, नाना और नानी के साथ वाराणसी घूमने आया था। गुरुवार सुबह परिवार के साथ केदार घाट पर गंगा स्नान के लिए पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान आयुष अनजाने में गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा। यह देख उसके नाना उपेंद्र सिन्हा ने शोर मचाया। घाट पर मौजूद स्वयंसेवी गोताखोर सनी, अजय और राकेश ने जल पुलिस के साथ मिलकर तुरंत खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
सूचना मिलने पर भेलूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर स्नान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग और बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।










