1 मार्च से बंद होगा UTS ऐप, अब नहीं कर बुक कर सकेंगे जनरल टिकट, जानें पूरी डिटेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने अनारक्षित (जनरल) टिकट बुकिंग प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए घोषणा की है कि 1 मार्च 2026 से UTS (Unreserved Ticketing System) मोबाइल ऐप को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते नई सुपर ऐप RailOne पर शिफ्ट हो जाएं, ताकि टिकट बुकिंग और अन्य सेवाओं में किसी तरह की परेशानी न हो।

अब तक यात्री UTS ऐप के जरिए जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और सीजन टिकट ऑनलाइन बुक कर सकते थे। रेलवे ने इन सभी सुविधाओं को RailOne ऐप में समाहित कर दिया है। यह ऐप पिछले वर्ष लॉन्च किया गया था और इसे रेल यात्रियों के लिए एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है।

R-Wallet बैलेंस रहेगा सुरक्षित

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि UTS ऐप में मौजूद R-Wallet का बैलेंस सुरक्षित रहेगा। यात्री अपने मौजूदा IRCTC या UTS लॉगिन आईडी और पासवर्ड से RailOne ऐप में लॉगिन कर सकेंगे और शेष राशि का उपयोग पहले की तरह कर पाएंगे।

जनरल टिकट पर 3% की छूट

RailOne ऐप को बढ़ावा देने के लिए रेलवे ने जनरल टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। यह छूट UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे डिजिटल पेमेंट माध्यमों से भुगतान करने पर मिलेगी। यह ऑफर 14 जनवरी 2026 से 14 जुलाई 2026 तक लागू रहेगा।

RailOne ऐप की प्रमुख सुविधाएं

  • जनरल, रिजर्व और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग

  • आसान और सुरक्षित पेमेंट विकल्प (UPI, कार्ड, R-Wallet, नेट बैंकिंग)

  • लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, कोच पोजिशन और प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी

  • PNR स्टेटस चेक और टिकट रद्द करने की सुविधा

  • IRCTC के अधिकृत वेंडर से ‘फूड ऑन ट्रैक’ सेवा

  • Rail Madad के जरिए शिकायत और फीडबैक दर्ज करने की सुविधा

  • NTES और IRCTC Rail Connect जैसी सेवाएं एक ही ऐप में

रेलवे के अनुसार, RailOne ऐप यात्रियों को बेहतर और सहज डिजिटल अनुभव प्रदान करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे जल्द से जल्द RailOne ऐप डाउनलोड कर लें और UTS ऐप से अपना ट्रांजिशन पूरा कर लें। अधिक जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या RailOne ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें