वाराणसी। विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने की, जिसमें मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दर्ज विभिन्न विभागों की प्रगति और निर्माण कार्यों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और सीएम डैशबोर्ड पर रैंकिंग में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाएं। जिन विभागों की रैंकिंग ‘सी’ और ‘डी’ श्रेणी में है, उनके अधिकारियों को विशेष रूप से चेताया गया कि वे कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और प्रदर्शन बेहतर करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। योजनाओं के क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जो परियोजनाएं तय समय सीमा में हैं, उन्हें तेजी से और मानक के अनुरूप पूर्ण किया जाए। जिन योजनाओं में समय विस्तार की आवश्यकता है, उनके लिए उचित कारण प्रस्तुत कर समय बढ़ाने की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही जिन परियोजनाओं में अतिरिक्त धनराशि की जरूरत है, उनके लिए समय से मांग प्रस्ताव भेजे जाएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो परियोजनाएं किसी कारणवश पूर्ण नहीं हो सकतीं, उन्हें डैशबोर्ड से हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। सीएम डैशबोर्ड पर ‘सी’ और ‘डी’ रैंकिंग वाले विभागों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जिले की रैंकिंग में तेजी से सुधार हो सके।










