लखनऊ। उत्तर प्रदेश में ठंड अब ढलान पर है। सुबह और रात में हल्की सर्दी महसूस हो रही है, जबकि दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का एहसास करा रही है। हालांकि मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है।
13 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को पश्चिमी यूपी के 13 जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने और ओले गिरने का भी अनुमान है।
मंगलवार को प्रदेश के तापमान की बात करें तो 31.6 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा। हमीरपुर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और प्रयागराज में 31 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस इटावा में रिकॉर्ड किया गया।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
किसानों के लिए चेतावनी
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। यदि तेज हवा के साथ बारिश होती है तो गेहूं और सरसों की फसल गिर सकती है, जिससे दाने कमजोर पड़ सकते हैं और पैदावार प्रभावित हो सकती है। किसानों को कटी हुई फसल खुले में न रखने की सलाह दी गई है।
राजस्थान और उत्तराखंड में भी बदला मौसम
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से राजस्थान का मौसम भी बदल गया है। जयपुर, अलवर और टोंक समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि जयपुर के आसपास के इलाकों में ओले भी गिरे। तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ गई है।
उधर, उत्तराखंड में भी 18 फरवरी को पांच जिलों—उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़—के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजस्थान में हो रही बारिश का असर शाम तक उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।










