ढाका। बांग्लादेश की राजनीति में मंगलवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब तारिक रहमान ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। वह बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री बने हैं। तारिक रहमान, खालिदा जिया के पुत्र और बांग्लादेश नेशनल पार्टी (बीएनपी) के अध्यक्ष हैं। आम चुनाव में भारी जीत के बाद उन्होंने अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद युनूस का स्थान लिया।
शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन ढाका स्थित संसद भवन के साउथ प्लाजा में शाम 4 बजे हुआ। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ नई कैबिनेट के मंत्रियों ने भी शपथ ली।
नई कैबिनेट में प्रमुख चेहरे
नई सरकार में डॉ. खलीलुर रहमान को विदेश मंत्री, सलाहुद्दीन अहमद को गृहमंत्री, डॉ. अमीर खसरू महमूद को वित्त एवं योजना मंत्री और शमा ओबैद को विदेश राज्य मंत्री बनाया गया है।
कैबिनेट मंत्रियों में मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, अमीर खोशरू महमूद चौधरी, इकबाल हसन महमूद, मेजर (सेवानिवृत्त) हाफिज उद्दीन अहमद बीर बिक्रम, अबू जफर मोहम्मद जाहिद हुसैन, अब्दुल अव्वल मिंटू, काजी शाह मोफज्जल हुसैन कैकोबाद, मिजानुर रहमान मीनू, निताई रॉय चौधरी (हिंदू नेता), खंडेकर अब्दुल मुक्तदिर, अरिफुल हक चौधरी, जहीर उद्दीन स्वपन, मोहम्मद अमीन उर रशीद, अफरोजा खानम रीटा, शाहिद उद्दीन चौधरी एनी, असदुल हबीब दुलु, मोहम्मद असदुज्जमां, जकारिया ताहिर, दीपेन दीवान (अल्पसंख्यक समुदाय), एएनएम एहसानुल हक मिलन, सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन, फकीर महबूब अनम और शेख रबीउल आलम शामिल हैं।
राज्य मंत्रियों में एम रशीदुज्जमां मिल्लत, अनिंद्य इस्लाम अमित, एमडी शरीफुल आलम, सुल्तान सलाहुद्दीन टुकू, बैरिस्टर कैसर कमाल, फरहाद हुसैन आजाद, एमडी अमीनुल हक (टेक्नोक्रेट), मीर मोहम्मद हेलाल उद्दीन, हबीबुर रशीद, एमडी राजीब अहसन, एमडी अब्दुल बारी, मीर शाहे आलम, जोनायद अब्दुर रहीम साकी, इशराक़ हुसैन, फरजाना शर्मिन, शेख फरीदुल इस्लाम, नुरुल हक नूर, यासर खान चौधरी, एम इकबाल हुसैन, एमए मुहिथ, अहमद सोहेल मंजूर, बॉबी हज्जाज और अली नेवाज महमूद खैयाम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संसदीय दल के नेता चुने गए तारिक
शपथ से पहले बीएनपी ने संसदीय दल की बैठक में तारिक रहमान को सर्वसम्मति से नेता चुना। इसके बाद उन्होंने जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफीकुर रहमान और नेशनल सिटिजन पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम से भी मुलाकात की, जिससे नई सरकार के सहयोगी समीकरणों की झलक मिली।
चुनाव परिणाम और नई शुरुआत
हालिया आम चुनाव में बीएनपी ने 297 में से 209 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। जमात-ए-इस्लामी को 68 सीटें मिलीं। चुनाव 12 फरवरी को संपन्न हुए थे। इस बार शेख हसीना की आवामी लीग को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी गई थी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से बांग्लादेश में राजनीतिक हिंसा और छात्र आंदोलनों के कारण अस्थिरता बनी हुई थी। शेख हसीना को पद से हटाए जाने के बाद अंतरिम व्यवस्था लागू की गई थी। अब नई सरकार के गठन के साथ देश में राजनीतिक स्थिरता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के पुनर्स्थापन की उम्मीद जताई जा रही है।










