नई दिल्ली। बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में अनुभव रखने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने फाइनेंशियल लिटरेसी सेंटर (FLC) काउंसलर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी भी तरह की लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी, बल्कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह इंटरव्यू के आधार पर होगी।
यह भर्ती महाराष्ट्र के अहिल्यानगर और धुले जिलों में स्थित फाइनेंशियल लिटरेसी सेंटर के लिए निकाली गई है। इच्छुक उम्मीदवारों को ऑफलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 मार्च 2026 निर्धारित की गई है।
कुल कितने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2 पदों को भरा जाएगा। इनमें एक पद अहिल्यानगर जिले के लिए और एक पद धुले जिले के लिए निर्धारित किया गया है। यह नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर की जाएगी। शुरुआत में उम्मीदवारों की नियुक्ति एक साल के लिए होगी, जिसे कार्य संतोषजनक रहने पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
कितनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने कुल 26,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा। इसमें 25,000 रुपये फिक्स वेतन के रूप में दिए जाएंगे, जबकि 1,000 रुपये मोबाइल और यात्रा खर्च के लिए प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा किसी अन्य प्रकार का भत्ता नहीं दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही बैंक ने कुछ उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने की बात कही है। इनमें बैंक के रिटायर्ड अधिकारी (स्केल-1 या उससे ऊपर), वीआरएस लेने वाले बैंक कर्मचारी, पूर्व सैनिक और सरकारी स्कूल के शिक्षक शामिल हैं।
हालांकि इन सभी उम्मीदवारों को बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज की अच्छी समझ होना जरूरी है। इसके अलावा उम्मीदवार को मराठी या हिंदी भाषा बोलने और लिखने में दक्ष होना चाहिए। कंप्यूटर की बेसिक जानकारी जैसे एमएस ऑफिस, इंटरनेट और टाइपिंग का ज्ञान भी आवश्यक है।
आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र 45 वर्ष से 65 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही आवेदन करने वाला व्यक्ति अहिल्यानगर जिले का निवासी होना चाहिए।
इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तिथि से पहले ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि इस अवसर का लाभ उठाया जा सके।










