वाराणसी : पुलिस भर्ती परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा, ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार, सोनभद्र के युवक की जगह फर्जी आधार से दे रहा था Exam

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन वाराणसी के सनातन धर्म इंटर कॉलेज में बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी की बायोमेट्रिक जांच में फर्जीवाड़ा सामने आया, जिसके बाद उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का असली नाम विमलेश कुमार (मुन्ना भाई) है, जो फिरोजाबाद का रहने वाला है। वह सोनभद्र जिले के पवन कुमार नामक युवक की जगह परीक्षा देने पहुंचा था।

एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज (परीक्षा केंद्र कोड 85037) में प्रथम पाली की परीक्षा चल रही थी। सभी अभ्यर्थियों की सामान्य जांच के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में बैठाया गया। पवन कुमार नाम से प्रवेश पत्र और आधार कार्ड दिखाकर परीक्षा देने वाला अभ्यर्थी भी बैठ गया। लेकिन परीक्षा शुरू होने के कुछ ही देर बाद भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से मेल आया कि अनुक्रमांक 85037XXXXX वाले पवन कुमार संदिग्ध हैं और उसका ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं हो पाया है।

इस सूचना पर बायोमेट्रिक टीम ने तुरंत ई-केवाईसी की कोशिश की, लेकिन आरोपी का आधार कार्ड लॉक दिखा। जब उसे खोलने को कहा गया तो वह टालमटोल करने लगा। जांच में पता चला कि परीक्षा में दिखाया गया आधार कार्ड और प्रवेश पत्र फर्जी था। असली आधार कार्ड विमलेश कुमार पुत्र अशोक कुमार, पता फतेहपुर नासिरपुर, गढ़सन, जिला फिरोजाबाद का निकला, जबकि फर्जी दस्तावेजों में पवन कुमार पुत्र रनवीर सिंह, कटोली झारोकला, सोनभद्र लिखा था।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह सोनभद्र के पवन कुमार की जगह परीक्षा देने आया था और फर्जी आधार कार्ड बनवाकर यहां पहुंचा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर लक्सा थाने पहुंचाया, जहां देर रात तक उससे पूछताछ की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318, 319(1), 336, 338, 340, 61(2) और उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 की धारा 4 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। आरोपी को आज जेल भेजा जाएगा।

परीक्षा प्रभारी निरीक्षक राज किशोर पांडेय की सतर्कता और बायोमेट्रिक सिस्टम की वजह से यह फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़े पर सख्ती बरती जा रही है और ऐसे मामलों में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें