वाराणसी: काशी के दवा और साड़ी कारोबारियों के लिए बड़ी राहत और सुविधा की खबर सामने आई है। शहर में जल्द ही ‘नमो बनारस केंद्र’ के रूप में एक आधुनिक व्यापारिक हब विकसित किया जाएगा। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी दे दी है।
इस योजना के तहत 6 मंजिला (जी+6) कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जिसमें कुल 844 दुकानें होंगी। यह केंद्र खासतौर पर सप्तसागर दवा मंडी के व्यापारियों और बनारसी साड़ी कारोबारियों के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यापार करने का अवसर मिल सके।
व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी में सैकड़ों दवा व्यापारी, 800 से अधिक साड़ी कारोबारी और हजारों बुनकर इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। इस कॉम्प्लेक्स के बनने से इन सभी को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और संगठित बाजार मिलेगा, जिससे व्यापार को नई गति मिलेगी।
145 करोड़ की लागत से बनेगा केंद्र
इस परियोजना पर करीब 145 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें से 100 करोड़ रुपये व्यापारियों से जुटाए जाएंगे, जबकि 45 करोड़ रुपये राज्य वित्त आयोग के अनुदान से लिए जाएंगे।
एक साल में तैयार करने का लक्ष्य
करीब 0.82 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह केंद्र काशी के पारंपरिक कारोबार को नया आयाम देगा।
नगर निगम का यह कदम शहर के व्यापारिक विकास और स्थानीय उद्योगों को मजबूती देने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।









