एक्ट्रेस भाग्यश्री ने किए काशी विश्वनाथ के दर्शन, की बनारस के गलियों की सैर, बोली- यहां आकर खुद को खो…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। बॉलीवुड अभिनेत्री भाग्यश्री शुक्रवार को धार्मिक नगरी काशी पहुंची, जहां उन्होंने आध्यात्मिक वातावरण के बीच गंगा घाटों का भ्रमण किया और काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने काशी की संस्कृति, शांति और पारंपरिक खानपान का भरपूर आनंद लिया। अभिनेत्री रिक्शे पर बैठकर काशी की तंग गलियों में घूमती नजर आईं और स्थानीय व्यंजनों, खासकर मलइयों और स्ट्रीट फूड का स्वाद चखा।

काशी पहुंचने पर भाग्यश्री ने कहा कि यह शहर केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि आत्मिक अनुभूति का केंद्र है। उन्होंने कहा, “काशी में कहा जाता है कि यहां आकर खुद को खो दो, ताकि अपने आप को पा सको। यह महादेव की नगरी है और मैं चाहती थी कि साल खत्म होने से पहले बाबा विश्वनाथ के दर्शन करूं। ऐसा लगता है जैसे बुलावा खुद-ब-खुद आ गया हो।”

अभिनेत्री ने बताया कि यह उनका पहला काशी दौरा नहीं है, लेकिन हर बार यहां आने का अनुभव अलग होता है। उन्होंने कहा कि भीड़ के बावजूद काशी में एक अनोखी शांति और आत्मीय जुड़ाव महसूस होता है, जो महानगरों में दुर्लभ है।

काशी की कला और कलाकारों को किया नमन

भाग्यश्री ने काशी की कला और आध्यात्मिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह शहर कलाकारों से गहराई से जुड़ा हुआ है। उस्ताद बिस्मिल्लाह खान से लेकर एम.एफ. हुसैन तक, कई महान कलाकारों का काशी से संबंध रहा है। उन्होंने कहा, “हम भी कलाकार हैं और मानते हैं कि कला का जन्म शांति से होता है। काशी में आकर खुद को समझने और खोजने का मौका मिलता है।”

बनारसी जायके की हुईं दीवानी

अपने प्रवास के दौरान अभिनेत्री ने बनारसी खानपान की जमकर तारीफ की। उन्होंने रात में काशी की प्रसिद्ध गुगनी और मसालेदार मटर का स्वाद लिया, जो उन्हें बेहद पसंद आया। भाग्यश्री ने कहा कि किसी भी शहर की असली पहचान वहां का खाना, स्थानीय लोग और उनकी कला होती है। अगर कोई इनसे रूबरू न हो, तो उस जगह की यात्रा अधूरी रह जाती है।

2026 में बड़े प्रोजेक्ट में दिखेंगी नजर

फिल्मी करियर पर बात करते हुए भाग्यश्री ने बताया कि वह जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आएंगी। उनकी आगामी फिल्म राजा शिवाजी की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जिसका निर्देशन रितेश देशमुख कर रहे हैं। इस फिल्म में रितेश देशमुख, जिनेलिया, अभिषेक बच्चन, संजय दत्त और विद्या बालन जैसे बड़े कलाकार दिखाई देंगे। फिल्म के 2026 की शुरुआत में रिलीज होने की संभावना है।

एआई को लेकर जताई चिंता

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर अपनी राय रखते हुए भाग्यश्री ने कहा कि एआई का सकारात्मक उपयोग अच्छा है, लेकिन इसके जरिए फर्जी वीडियो और बयान बनाना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि आम लोगों के लिए सही और गलत में फर्क करना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।

अंत में काशी में हो रहे विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन काशी की आत्मा, उसकी गलियां और घाट अपनी मौलिक पहचान के साथ बने रहने चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि जीवन में एक बार जरूर काशी आएं और यहां की शांति, संस्कृति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें