Varanasi : एपेक्स अस्पताल में मरीज की मौत के बाद परिजनों का हंगामा, शव को सड़क पर रखकर किया चक्काजाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: भिखारीपुर स्थित एपेक्स अस्पताल में शुक्रवार देर रात एक मरीज की मौत के बाद बवाल खड़ा हो गया। मिर्जापुर के प्राथमिक स्कूल शिक्षक सुजीत कुमार वर्मा (35) का हाथ फ्रैक्चर होने पर दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सर्जरी के बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ी और उन्हें क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) में शिफ्ट किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने किया हंगामा

मौत की सूचना मिलने पर परिजन भड़क गए और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। परिजन पोस्टमॉर्टम और केस दर्ज कराने पर अड़े रहे। इस दौरान परिजनों और अस्पताल प्रशासन के बीच तीखी बहस हुई।

शव रखकर सड़क पर धरना

स्थिति बिगड़ने पर परिजन भिखारीपुर-चितईपुर रोड पर शव रखकर धरने पर बैठ गए और अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इससे मुख्य मार्ग जाम हो गया। मौके पर पहुंचे चितईपुर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस और प्रशासन की दखल

बढ़ते तनाव को देखते हुए ACP भेलूपुर गौरव कुमार मौके पर पहुंचे। भीड़ काबू से बाहर होती देख भेलूपुर, लंका और मंडुवाडीह थानों की फोर्स बुलानी पड़ी। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया कि शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद हालात काबू में आए।

अस्पताल का पक्ष

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि मरीज पहले से गंभीर हालत में था और सभी चिकित्सकीय प्रक्रियाओं का पालन किया गया। वहीं, डॉक्टरों ने बताया कि सुजीत कुमार वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हुए थे और हाथ में गंभीर इन्फेक्शन के कारण उन्हें भर्ती किया गया था।

ACP का बयान

ACP भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अस्पताल संचालक और डॉक्टरों के खिलाफ तहरीर दी है। इस आधार पर केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें