UP Weather : यूपी में गर्मी ढाएगी सितम, 75 जिले ग्रीन जोन में, इस दिन से बदलेगा मौसम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather: उत्तर प्रदेश में फिलहाल मानसून कमजोर पड़ गया है। आसमान पर बादलों की मौजूदगी के बावजूद चिलचिलाती धूप और उमस लोगों को बेहाल कर रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि 13 और 14 सितंबर को पूरे प्रदेश में गर्मी और नमी का असर रहेगा। इस दौरान सभी 75 जिले ग्रीन जोन में रखे गए हैं, यानी कहीं भी भारी बारिश या आंधी-तूफान का खतरा नहीं है।

लखनऊ और आसपास तपेगा सूरज

राजधानी लखनऊ में शनिवार को सूरज की किरणें लोगों को खूब सताएंगी। यही हाल कानपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, रायबरेली, उन्नाव, हरदोई, कन्नौज, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर, आगरा और फिरोजाबाद जैसे जिलों का भी रहेगा। इन इलाकों में उमस भरी गर्मी आफत बन सकती है।

नोएडा से मेरठ तक धूप-छांव

पश्चिमी यूपी के जिलों नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, बरेली, संभल, अलीगढ़, पीलीभीत और सीतापुर में आज धूप और बादलों का मिला-जुला असर रहेगा। यहां कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना भी है।

पूर्वांचल में उमस करेगी परेशान

वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या और बस्ती में भी आसमान साफ रहेगा, लेकिन बीच-बीच में छिटपुट बादल दिख सकते हैं। हालांकि उमस भरी गर्मी यहां के लोगों को सबसे ज्यादा परेशान करेगी।

कब मिलेगी राहत?

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 48 घंटे तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। इसके बाद दोबारा मानसून सक्रिय होगा और प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें