अजय राय ने प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, किया काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विस्तार का विरोध, की ये मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के विस्तार योजना का विरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी के दाल मंडी क्षेत्र में गलियों को 8 फीट से बढ़ाकर 23 फीट चौड़ा करने की तैयारी की जा रही है, जिससे हजारों दुकानदारों और स्थानीय निवासियों पर विस्थापन का खतरा मंडरा रहा है।

अजय राय ने पत्र में कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट पहले ही मई 2025 में इस क्षेत्र में किसी भी तरह की तोड़फोड़ पर रोक लगा चुका है, इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई से इलाके में तनाव का माहौल है।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर के अन्य मार्गों पर सड़क की चौड़ाई 14 मीटर रखी गई है, तो केवल दाल मंडी क्षेत्र को 23 मीटर तक चौड़ा करने का क्या औचित्य है। राय ने इसे अनुचित बताते हुए कहा कि यह निर्णय न केवल ऐतिहासिक गलियों की विरासत को नुकसान पहुंचाएगा, बल्कि हजारों छोटे व्यापारियों की आजीविका पर भी संकट खड़ा कर देगा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि यदि विस्थापन अपरिहार्य हो, तो वर्ष 2013 के भू-अधिग्रहण अधिनियम के तहत बाजार मूल्य के अनुरूप मुआवजा दिया जाए। साथ ही विस्थापित व्यापारियों को वैकल्पिक दुकानों का आवंटन सुनिश्चित किया जाए।

अजय राय ने प्रधानमंत्री से अपील की कि वे वाराणसी की जनता की भावनाओं और पीड़ा को समझते हुए इस अवैध विस्थापन पर रोक लगाने के निर्देश जारी करें।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें