UP में बढ़ी सर्दी, रजाई-कम्बल वाले दिन लौटे, कई जिलों में पारा 8 डिग्री तक लुढ़का

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather : उत्तर प्रदेश में तापमान लगातार गिर रहा है। सुबह और देर शाम चल रही बर्फीली हवाएं अब ठिठुरन का एहसास कराने लगी हैं। प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन 20 नवंबर से ठंड और बढ़ सकती है।

अगले पांच दिन मौसम रहेगा शुष्क

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 13 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। 14 और 15 नवंबर को भी ऐसी ही स्थिति बनी रहने का अनुमान है। हालांकि, इन दिनों सुबह और देर रात हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी, अयोध्या, आगरा, अलीगढ़, इटावा, कन्नौज, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, जालौन, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, बाराबंकी, बहराइच, कौशाम्बी, रामपुर, बरेली और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ मौसम सामान्य हो जाएगा।

पांच दिन नहीं होगा तापमान में बड़ा बदलाव

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा। फिलहाल पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं के कारण ठंड और कोहरे में इजाफा देखने को मिल रहा है।

लखनऊ और नोएडा का आज का मौसम

राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन में मौसम साफ रहेगा। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में लगभग 1 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

वहीं नोएडा में भी सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा। तापमान में कमी के चलते ठंड का एहसास बढ़ेगा, लेकिन दिन में मौसम सामान्य बना रहेगा।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें